Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: विधायक संजीव सरदार का ब्लॉक ऑफिस में छापा; गायब मिले अफसर तो मुख्य गेट पर ही कुर्सी लगाकर बैठे

पोटका : मंगलवार की सुबह पोटका के विधायक संजीव सरदार अचानक पोटका ब्लॉक (प्रखंड सह अंचल कार्यालय) पहुंचे। सुबह करीब 10:10 बजे जब वे ऑफिस पहुंचे, तो कई अफसर और कर्मचारी अपनी ड्यूटी से गायब थे।अधिकारियों की इस लापरवाही से नाराज होकर विधायक ऑफिस के अंदर जाने के बजाय सीधे मुख्य गेट पर ही कुर्सी लगाकर बैठ गए।

गेट पर डटे रहे विधायक, लेट आने वाले अफसरों को पहनाई माला

सुबह करीब 10:25 बजे अंचलाधिकारी निकिता बाला ऑफिस पहुंचीं और विधायक से अंदर बैठने का निवेदन किया, लेकिन विधायक ने मना कर दिया। वे सुबह 11:30 बजे तक मुख्य गेट पर ही बैठे रहे और देर से आने वाले कर्मचारियों पर नजर रखी।निरीक्षण के दौरान राशन अफसर , श्रम अफसर, मनरेगा बीपीओ और कई क्लर्क देर से ऑफिस पहुंचे। विधायक ने लेट आने वाले सभी कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। वहीं, देर से पहुंचे कुछ पुरुष अफसरों को विधायक ने ताना मारते हुए (व्यंग्य में) माला पहनाकर उनका ‘स्वागत’ किया।

क्यों पहुंचे थे विधायक?

विधायक ने बताया कि पोटका में 20 हजार से ज्यादा लोगों के वोटर कार्ड में गड़बड़ी सुधारने का काम चल रहा है। दूर-दराज के गांवों से लोग सुबह-सुबह ऑफिस पहुंचते हैं, लेकिन अफसरों के न रहने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीणों की इसी शिकायत पर विधायक जांच करने पहुंचे थे।

लापरवाही पर सख्त चेतावनी

विधायक संजीव सरदार ने साफ कहा “ग्रामीण अपना काम-धंधा छोड़कर सुबह ऑफिस आते हैं। अगर अफसर समय पर नहीं मिलेंगे, तो जनता परेशान होगी। जो कर्मचारी देर से आए हैं, उन पर कार्रवाई के लिए बड़े अधिकारियों को लिख दिया गया है। सभी अपनी आदत सुधारें, वरना कड़ी कार्रवाई होगी।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button