Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: तीन दिनों से लापता युवक का कुएं में मिला शव, दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं

गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत औंरा पंचायत के दामा गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिनों से लापता एक युवक का शव गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित कुएं में मिला। मृतक की पहचान दामा गांव निवासी बलदेव रजक के पुत्र रंजीत रजक के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्गा पूजा की खुशियां परिवार के लिए मातम में बदल गईं।

तीन दिनों से लापता था रंजीत रजक

मिली जानकारी के अनुसार, रंजीत रजक पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिजन उनकी तलाश में लगातार जुटे हुए थे, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। सोमवार की सुबह गांव के कुछ ग्रामीणों की नजर गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित कुएं में तैरते शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने अन्य ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

कुएं से शव निकालते ही मची चीख-पुकार

शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान रंजीत रजक के रूप में होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के उपमुखिया जितेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर पहुंची बगोदर पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

दुर्घटना, आत्महत्या या कोई और वजह? जांच के बाद होगा खुलासा

पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद दामा गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिजन इस दुखद घटना से सदमे में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button