Jharkhand: कंपनियों के नाम पर Google पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर साइबर ठगी, गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार

जामताड़ा : कंपनियों के नाम पर Google पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर और विज्ञापन अपलोड कर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी कस्टमर केयर बनकर ग्राहकों को अपने जाल में फंसाने और बैंक खातों से रकम ट्रांसफर करने का आरोप है।
कंपनी के नाम पर Google पर डालते थे फर्जी नंबर
साइबर डीएसपी अमित रविदास ने बताया कि आरोपी अलग-अलग कंपनियों के नाम से Google पर फर्जी विज्ञापन और कस्टमर केयर नंबर अपलोड करते थे। जब किसी ग्राहक को संबंधित कंपनी की सेवा से जुड़ी परेशानी होती और वह Google पर दिए गए नंबर पर संपर्क करता, तो आरोपी खुद को कंपनी का कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर बातचीत शुरू करते थे।इसके बाद आरोपी समस्या का समाधान करने के नाम पर ग्राहक को अपने झांसे में लेते थे।
स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड कराकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ग्राहकों से मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने के लिए कहते थे। एप के जरिए मोबाइल स्क्रीन और अन्य जरूरी जानकारियों तक पहुंच हासिल करने के बाद आरोपी बैंक खाते से रकम ट्रांसफर कर लेते थे।इस तरह ग्राहक को कंपनी का कस्टमर केयर समझकर की गई कॉल साइबर ठगी में बदल जाती थी।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर मामले की पड़ताल करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के लेनदेन की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।



