Jharkhand: बिंदल मॉल फायरिंग के 2 इनामी शूटरों के पैर में लगी गोली, पिस्टल छीने जाने पर हुई क्रास-फायरिंग

जमशेदपुर: सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के पास मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में फायरिंग के मामले के आरोपी शूटर अजीत मंडल और मोहन यादव घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। घटना के बाद पुलिस दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गई, जहां उनका इलाज चल रहा है।
डोबो पुल पर बस से हिरासत में लिए गए थे दोनों
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अजीत मंडल और मोहन यादव बस से रांची से जमशेदपुर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात करीब 9 बजे डोबो पुल पर चेकिंग के दौरान दोनों को बस से हिरासत में लिया और सोनारी थाना ले गई।पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि बिंदल मॉल फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों को सोनारी स्थित फागू बाबा मंदिर के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया है। इसके बाद देर रात पुलिस दोनों को हथियार बरामद करने के लिए फागू बाबा मंदिर के पास लेकर पहुंची।
झाड़ियों से दो लोडेड पिस्टल बरामद होने के बाद फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, फागू बाबा मंदिर के पास झाड़ियों की तलाशी के दौरान दो लोडेड पिस्टल बरामद किए गए। इसी दौरान अजीत मंडल ने टाइगर जवान स्वराज कुमार का हथियार छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में सोनारी थाना प्रभारी के बॉडीगार्ड मो. याकूब ने फायरिंग की। इस दौरान अजीत मंडल और मोहन यादव के पैर में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक दोनों ओर से कुल छह राउंड फायरिंग हुई।घायल दोनों आरोपियों को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डोमिनिक को बनाया था निशाना, पूछताछ में सामने आई जानकारी
पुलिस पूछताछ में घायल अजीत मंडल और मोहन यादव ने घटना को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस के अनुसार, अजीत ने बताया कि उनका कथित निशाना झामुमो नेता डोमिनिक था।अजीत के अनुसार, 26 सितंबर को वह मनोज और एक अन्य व्यक्ति के साथ बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट पहुंचा था। वहां फायरिंग के बाद सभी टोल ब्रिज की ओर भाग निकले। रास्ते में फागू बाबा मंदिर के पास झाड़ियों में हथियार छिपाकर सभी रांची की ओर निकल गए। इस दौरान बाइक को भी कथित तौर पर ठिकाने लगाया गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।



