Jharkhand: झारखंड भाजपा कार्यालय पहुंचे पवन साय, 2029 की तैयारियों और संगठन मजबूती पर जोर

रांची: झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय के प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर शुक्रवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान संगठन की मजबूती और वर्ष 2029 के चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने की बात कही। कार्यक्रम में निवर्तमान प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई भी दी गई।पवन कुमार साय को हाल ही में झारखंड भाजपा का प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है, जबकि झारखंड में यह जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है।
आदित्य साहू ने पवन साय का किया स्वागत
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने पवन साय का स्वागत करते हुए उनके संगठनात्मक अनुभव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक संगठन में काम करने के अनुभव का लाभ झारखंड भाजपा को मिलेगा।आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के हित में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ता पवन साय के साथ मिलकर काम करेंगे।
2029 के लक्ष्य के साथ संगठन मजबूत करने पर जोर
नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि देर रात तक बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का कार्यालय में मौजूद रहकर स्वागत करना संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि अब सभी को 2029 के चुनाव और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखकर काम करना है। साय ने संगठन को मजबूत बनाने में हर स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच “हमरे जितब, हम जीतेंगे” का नारा भी लगवाया। साय ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच कई समानताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से झारखंड में संगठन को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
कर्मवीर सिंह को दी गई विदाई
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई दी गई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उनके चार साल के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश के कार्यकर्ताओं को संगठन के लिए काम करने का अवसर मिला।उन्होंने कहा कि कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध बनाकर संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया।कर्मवीर सिंह ने कहा कि संगठन के काम में केवल बोलने से नहीं, बल्कि काम करके अपनी भूमिका साबित करनी होती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक काम के दौरान मिले अनुभवों और झारखंड में कार्यकर्ताओं के साथ काम करने के अनुभवों का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पवन साय के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करने की अपील की।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पवन साय ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया।



