बोकारो: बोकारो में बीएसएल के जर्जर आवास खाली कराने का मुद्दा बुधवार को गरमा गया। आवास बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने बीएसएल के ईडी (पीएंडए) राज श्री बनर्जी के आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस का बैरिकेड तोड़कर आवास परिसर में प्रवेश किया और गेट के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी और महिलाएं शामिल हुईं। कई महिलाएं हाथों में झाड़ू लेकर पहुंचीं। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
वैकल्पिक आवासों की मरम्मत की मांग
आवास बचाओ संघर्ष समिति का आरोप है कि बीएसएल प्रबंधन जर्जर आवास खाली कराकर कर्मचारियों को जिन वैकल्पिक क्वार्टरों में भेज रहा है, वे भी रहने लायक नहीं हैं। समिति की मांग है कि पहले वैकल्पिक आवासों की मरम्मत कराई जाए और उसके बाद ही उन्हें आवंटित किया जाए।आंदोलनकारियों का कहना है कि बिना मरम्मत के वैकल्पिक आवासों में रहने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को परेशानी होगी। इसी मुद्दे को लेकर समिति के सदस्य ईडी के आवास के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं।
बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
प्रदर्शन के दौरान वृद्ध महिला बेबी कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चिंता देखी गई।
टू टैंक गार्डन में वार्ता का प्रस्ताव ठुकराया
प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने टू टैंक गार्डन में वार्ता करने का प्रस्ताव दिया, लेकिन समिति के सदस्यों ने इसे स्वीकार नहीं किया। उनकी मांग है कि बातचीत ईडी के आवास के सामने ही की जाए।बोकारो सिटी डीएसपी समेत पुलिस अधिकारी आंदोलनकारियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और मौके से हटने को तैयार नहीं हुए।
सेक्टर-12 के 169 ब्लॉक जर्जर
बीएसएल के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने बताया कि सुरक्षा जांच के दौरान सेक्टर-12 के 169 ब्लॉक जर्जर पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रबंधन वैकल्पिक आवासों की मरम्मत कराने के लिए तैयार है।प्रबंधन के इस आश्वासन के बावजूद आंदोलनकारियों ने पहले मरम्मत और उसके बाद आवास आवंटन की मांग दोहराई है। फिलहाल ईडी के आवास के बाहर प्रदर्शन और प्रशासन की समझाने की कोशिश जारी रही।
