रांची: झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। इसी बीच झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने मुकाबले के टिकटों की कीमतें जारी कर दी हैं। सबसे सस्ता टिकट 1,600 रुपये का होगा, जबकि सबसे महंगा टिकट प्रेसिडेंट एनक्लोजर का 18,000 रुपये रखा गया है।
जेएससीए ने जारी की टिकटों की दर
जेएससीए के मानद सचिव सौरभ तिवारी की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में टिकटों की अलग-अलग श्रेणियों की कीमतों की जानकारी दी गई है। हालांकि, आम दर्शकों के लिए टिकटों की ऑनलाइन और ऑफलाइन बिक्री कब और कहां से शुरू होगी, इसकी जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
₹1,600 से ₹4,500 तक सामान्य टिकट
स्टेडियम के अलग-अलग स्टैंड और पवेलियन के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं।
स्टैंड/श्रेणी टिकट की कीमत
ईस्ट एवं वेस्ट हिल ₹1,600
विंग ए लोअर टियर ₹3,000
विंग ए अपर टियर ₹2,000
विंग बी लोअर टियर ₹3,500
विंग बी अपर टियर ₹2,500
विंग सी लोअर टियर ₹3,000
विंग सी अपर टियर ₹2,000
विंग डी लोअर टियर ₹3,000
विंग डी स्पाइस बॉक्स ₹2,500
अमिताभ चौधरी पवेलियन प्रीमियम टेरेस ₹4,500
डोनर्स एनक्लोजर ₹4,000
हॉस्पिटैलिटी और कॉर्पोरेट टिकटों की कीमत
झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने हॉस्पिटैलिटी और कॉर्पोरेट श्रेणी के टिकटों की दरें भी तय कर दी हैं।
एमएस धौनी पवेलियन (लक्जरी पार्लर विथ हॉस्पिटैलिटी): ₹10,000
हॉस्पिटैलिटी बॉक्स: ₹9,000
प्रेसिडेंट एनक्लोजर (विथ हॉस्पिटैलिटी): ₹18,000
कॉर्पोरेट लाउंज: ₹15,000
कॉर्पोरेट बॉक्स: ₹8,000
टिकट बिक्री की तारीख का इंतजार
मैच की तारीख और टिकटों की कीमत जारी होने के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों को टिकट बिक्री शुरू होने का इंतजार है। जेएससीए की ओर से ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट बिक्री से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में घोषित की जाएगी।रांची में होने वाले इस मुकाबले को लेकर झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। टिकट बिक्री की आधिकारिक घोषणा के बाद दर्शक अपनी पसंद की श्रेणी के टिकट खरीद सकेंगे।
