Jharkhand: झारखंड बंद का गिरिडीह में असर, पपरवाटाड़ में आंदोलनकारियों ने गिरिडीह-डुमरी मार्ग किया जाम

गिरिडीह: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को बुलाए गए झारखंड बंद का असर गिरिडीह में भी देखने को मिला। आंदोलनकारियों ने पपरवाटाड़ स्थित पुराने टोल प्लाजा के समीप गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप होने से घंटों चक्का जाम की स्थिति बनी रही।

सड़क पर वाहनों की लगी लंबी कतार

सड़क जाम के कारण गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बंद समर्थक सड़क पर बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे।

सम्मान और अधिकार की मांग को लेकर बंद

आंदोलनकारियों का कहना है कि झारखंड आंदोलनकारियों को उचित सम्मान, पहचान और अधिकार मिलना चाहिए। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मोर्चा की ओर से 29 सितंबर की शाम मशाल जुलूस निकाला गया था। इसके बाद 30 सितंबर को संपूर्ण झारखंड बंद का आह्वान किया गया।

पुलिस-प्रशासन ने समझाकर हटाया जाम

सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल हुई। हालांकि, लंबे समय तक जाम रहने के कारण आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

Exit mobile version