Jharkhand: गैरेज चौक पर अव्यवस्था से परेशान लोग, शराबखोरी और जाम से छात्राओं को परेशानी

सरायकेला। जिला मुख्यालय के व्यस्त गैरेज चौक पर इन दिनों अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों से स्थानीय लोग परेशान हैं। प्रशासन की ओर से लगाए गए ‘नो एंट्री’ बोर्ड के बावजूद रात होते ही चौक और आसपास का इलाका शराबखोरी का अड्डा बन जाता है। चौक के आसपास बिखरी शराब की दर्जनों बोतलें इसकी स्थिति बयां कर रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम के बाद यहां खुलेआम शराबखोरी होती है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।

छात्राओं को उठानी पड़ रही परेशानी

गैरेज चौक स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए प्रमुख पड़ाव है। छात्राएं यहां बस और ऑटो का इंतजार करती हैं। शराब की खाली बोतलें, गंदगी और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी से उन्हें असहजता और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। वहीं, ‘नो एंट्री’ के बावजूद अनधिकृत रूप से वाहनों की पार्किंग और ठेले लगने से अक्सर जाम की स्थिति बनती है।

कार्रवाई की मांग

समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने अवैध ठेले और अनधिकृत वाहनों को हटाने तथा रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही शराबखोरी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर चौक का माहौल सुरक्षित बनाने की अपील की गई है।

Exit mobile version