Jharkhand: गिरिडीह में 25 हाथियों के झुंड से दहशत, 7 पंचायतों में अलर्ट

गिरिडीह: जिले के डुमरी प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों के झुंड की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। छोटकी बैरगी, पंचायत बड़की बैरगी के जंगल में करीब 25 हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
छोटकी बैरगी जंगल में मौजूद है हाथियों का झुंड
वन विभाग के अनुसार, करीब 25 जंगली हाथियों के झुंड की गतिविधियां छोटकी बैरगी जंगल में देखी गई हैं। हाथियों की लगातार निगरानी के लिए एलिफेंट ड्राइव टीम को सक्रिय किया गया है।वन विभाग का कहना है कि हाथियों का झुंड जिस दिशा में आगे बढ़ेगा, उसकी जानकारी समय-समय पर आसपास के ग्रामीणों को दी जाएगी, ताकि लोग पहले से सतर्क रह सकें।
इन 7 पंचायतों में विशेष सतर्कता
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने कई पंचायतों के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है।इनमें शामिल हैं बड़की बैरगी,बेरहा सुईयाडीह,ससारखो,जरीडीह,नागाबाद,खुदीसार और जीतकुंडी। इन पंचायतों के अंतर्गत आने वाले गांवों में रहने वाले लोगों से हाथियों की गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है।
शाम ढलने के बाद घर से बाहर नहीं निकलें
वन विभाग ने ग्रामीणों से स्पष्ट अपील की है कि अंधेरा होने के बाद अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।ग्रामीणों को अपने आसपास रहने वाले लोगों को भी हाथियों की मौजूदगी की जानकारी देने और सतर्क करने को कहा गया है। खासकर जंगल और हाथियों के संभावित रास्तों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
हाथियों के पास भीड़ लगाना पड़ सकता है भारी
वन विभाग ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि हाथियों के झुंड के आसपास किसी भी स्थिति में भीड़ न लगाएं और न ही शोर-शराबा करें।हाथियों को देखने, उनके करीब जाने या उनका वीडियो बनाने की कोशिश बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। आक्रोशित हाथी अचानक दौड़कर हमला कर सकते हैं, जिससे जान-माल का गंभीर नुकसान हो सकता है।
वीडियो बनाने के लिए हाथियों के करीब न जाएं
वन विभाग के मुताबिक, जंगली हाथियों के व्यवहार का अनुमान लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में लोग हाथियों का वीडियो बनाने या उन्हें देखने के लिए उनके बेहद करीब जाने की गलती न करें।यदि किसी स्थान पर हाथियों के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो जाती है, तो लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर हट जाना चाहिए और अपने घर लौट जाना चाहिए।
एलिफेंट ड्राइव टीम लगातार कर रही निगरानी
हाथियों की गतिविधियों पर एलिफेंट ड्राइव टीम लगातार नजर बनाए हुए है। टीम झुंड की लोकेशन और उसकी दिशा पर निगरानी कर रही है।वन विभाग के अनुसार, हाथियों के आगे बढ़ने की दिशा और लोकेशन के संबंध में ग्रामीणों को समय-समय पर सूचना दी जाएगी, ताकि लोग समय रहते आवश्यक सावधानी बरत सकें।
वन विभाग ने ग्रामीणों से की सहयोग की अपील
गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी ने ग्रामीणों से वन विभाग का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाथियों की मौजूदगी के दौरान ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।वन विभाग ने लोगों को साफ संदेश दिया है कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, भीड़ न लगाएं, शोर न करें और अंधेरा होने के बाद अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।



