धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड में निदेशक कार्मिक के पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी अब निदेशक वित्त राजेश कुमार संभालेंगे। सक्षम प्राधिकार की मंजूरी के बाद उन्हें यह प्रभार सौंपा गया है। नई व्यवस्था एक सितंबर 2026 से प्रभावी हो गई है।
निदेशक वित्त के साथ कार्मिक विभाग की भी जिम्मेदारी
राजेश कुमार बीसीसीएल में अपने मूल पद निदेशक वित्त की जिम्मेदारी संभालते हुए अब निदेशक कार्मिक का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे। उनके पास कंपनी के मानव संसाधन और कार्मिक विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी रहेगी।यह व्यवस्था बीसीसीएल में नियमित निदेशक कार्मिक की नियुक्ति होने तक जारी रहेगी।
तीन माह के लिए लागू हुई व्यवस्था
कोल इंडिया लिमिटेड की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, भारत सरकार के कोयला मंत्रालय ने बीसीसीएल के निदेशक कार्मिक पद का अतिरिक्त प्रभार राजेश कुमार को सौंपने की मंजूरी दी है।यह व्यवस्था एक सितंबर 2026 से प्रारंभिक तीन माह के लिए या नियमित पदाधिकारी की नियुक्ति अथवा अगले आदेश तक लागू रहेगी।
जो पहले होगा, उसी के आधार पर खत्म होगा अतिरिक्त प्रभार
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तीन महीने की अवधि पूरी होने, नियमित निदेशक कार्मिक की नियुक्ति होने अथवा नया आदेश जारी होने में जो भी पहले होगा, उसी के अनुसार राजेश कुमार का अतिरिक्त प्रभार समाप्त अथवा आगे की व्यवस्था तय होगी।फिलहाल नियमित निदेशक कार्मिक की नियुक्ति होने तक राजेश कुमार बीसीसीएल में वित्त के साथ कार्मिक विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
