हाजीपुर में अपराधियों ने पशु बेचकर घर लौट रहे पिता-पुत्र को गोली मार दी। घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र के पैर में गोली लगी है। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पशु बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे पिता-पुत्र
घटना महुआ थाना क्षेत्र के तरौरा नहर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तीसीऔता थाना क्षेत्र के हुसैनी गांव निवासी लक्ष्मण राय अपने पुत्र मिथलेश के साथ माधौल मवेशी हाट में पशु बेचने गए थे।पशु बेचने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तरौरा नहर के पास घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।
लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने की फायरिंग
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पिता-पुत्र से लूटपाट का प्रयास किया। दोनों ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी।फायरिंग में एक गोली लक्ष्मण राय के गर्दन में जा लगी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी गोली उनके पुत्र मिथलेश के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल मिथलेश को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
कितने रुपये की लूट हुई, अभी स्पष्ट नहीं
घटना में अपराधी कितने रुपये लेकर फरार हुए, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात महज लूटपाट के दौरान हुई या फिर अपराधियों ने पहले से पिता-पुत्र की रेकी कर रखी थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गोलीबारी के वास्तविक कारण का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
