Jharkhand: राशन डीलरों ने कमीशन भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर दिया धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सिमडेगा : समाहरणालय भवन के निकट जिला डीलर्स संघ के तत्वावधान में जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों ने विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद प्रसाद ने की। इस दौरान दुकानदारों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।जिला अध्यक्ष प्रमोद प्रसाद ने कहा कि जन वितरण प्रणाली के दुकानदार लगातार मेहनत कर गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच राशन का वितरण करते हैं, लेकिन कई महीनों से उन्हें कमीशन राशि का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कमीशन नहीं मिलने के कारण दुकानदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

हर माह न्यूनतम 50 हजार रुपये की राशि सुनिश्चित करने की मांग

धरना के दौरान डीलर्स संघ ने सरकार के समक्ष कई मांगें रखीं। संघ की प्रमुख मांगों में बकाया कमीशन राशि का तत्काल भुगतान और दुकानदारों के लिए मासिक न्यूनतम 50 हजार रुपये की राशि सुनिश्चित करना शामिल है।संघ ने यह भी मांग की कि जिस महीने का खाद्यान्न आवंटित किया गया है, वह संबंधित माह शुरू होने से पहले ही दुकानदारों को उपलब्ध करा दिया जाए, ताकि लाभुकों को समय पर राशन मिल सके।

सर्वर और नेटवर्क की समस्या से राशन वितरण प्रभावित

डीलर्स संघ ने राशन वितरण प्रणाली में तकनीकी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। प्रमोद प्रसाद ने कहा कि एनआईसी की तकनीकी व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। सर्वर और नेटवर्क की समस्या के कारण दुकानदारों के साथ-साथ राशन लेने वाले लाभुकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।उन्होंने सरकार से तकनीकी व्यवस्था को दुरुस्त कर राशन वितरण प्रक्रिया को सुचारू बनाने की मांग की।

दुकानदारों और परिवार को अबुआ स्वास्थ्य योजना से जोड़ने की मांग

संघ ने जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों और उनके परिवार के सदस्यों को अबुआ स्वास्थ्य योजना से जोड़ने की भी मांग की। संघ का कहना है कि दुकानदारों को भी सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए।

पेपरलेस राशन वितरण व्यवस्था लागू करने की मांग

डीलर्स संघ ने राशन वितरण व्यवस्था को पेपरलेस बनाने की भी मांग उठाई। प्रमोद प्रसाद ने कहा कि भारत सरकार की ओर से वितरण प्रणाली को पेपरलेस करने का निर्देश दिया गया है, लेकिन राज्य में इसे अब तक पूरी तरह लागू नहीं किया गया है।उन्होंने कहा कि पेपरलेस व्यवस्था लागू होने से दुकानदारों की कई परेशानियां कम हो सकती हैं।

मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरना के दौरान संघ के सचिव मुकेश पंडा, मुक्तिनाथ पाठक समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपनी बातें रखीं। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दुकानदारों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया और बकाया कमीशन समेत अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।धरना में मो. मुर्तजा हुसैन, भोला साहू, हेमंती कुजूर, जितेंद्र प्रसाद, मनोज कुमार, मेराज आलम, लेतारेस टोप्पो, महावीर प्रसाद, नथनिएल मुंडू, बिरसमनी देवी, गंगाधर जायसवाल, सानिएल सुरीन, विलसम समद समेत बड़ी संख्या में डीलर मौजूद रहे।

Exit mobile version