Bihar: पूर्णिया में 40 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो होमगार्ड जवान भी पकड़े गए

पूर्णिया: पूर्णिया पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य की 406 ग्राम स्मैक के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल कुमार, सनी कुमार और मालदा जिले के कालियाचक निवासी सुभान शेख शामिल हैं।मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तस्करों की मदद करने के आरोप में दो होमगार्ड जवानों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
पूछताछ में दालकोला चेक पोस्ट के होमगार्ड जवानों का नाम आया
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने आरोप लगाया कि दालकोला चेक पोस्ट पर तैनात मध्य निषेध विभाग के होमगार्ड जवान आकाश उरांव, ब्रजकिशोर कुमार और राजकिशोर कुमार ने कथित तौर पर 70 हजार रुपये लेकर उन्हें स्मैक पार कराने में मदद की।आरोपियों ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि इससे पहले भी पैसे लेकर शराब और स्मैक की तस्करी में सहयोग किया जाता था।
चेक पोस्ट से 55 हजार रुपये बरामद, दो होमगार्ड गिरफ्तार
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दालकोला चेक पोस्ट पर तैनात होमगार्ड जवान आकाश उरांव की जांच की, जिसके पास से 55 हजार रुपये बरामद किए गए।इसके बाद पुलिस ने आकाश उरांव और ब्रजकिशोर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपों और संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
मध्य निषेध विभाग के प्रभारी पर भी जांच
एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि गिरफ्तार दोनों होमगार्ड जवानों ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर यह भी बताया कि वे दालकोला चेक पोस्ट पर तैनात मध्य निषेध विभाग के प्रभारी दुर्गेश कुमार को भी पैसे देते थे।पुलिस के अनुसार, इस मामले में उन्हें संदिग्ध मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही उनकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
कुल पांच गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने इस कार्रवाई में 406 ग्राम स्मैक, एक पल्सर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और कुल 95 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।एसएसपी ने कहा कि कुछ दिन पहले की एक छापेमारी में भी दालकोला चेक पोस्ट पर तैनात एक डाटा एंट्री ऑपरेटर का नाम स्मैक तस्करी के मामले में सामने आया था।उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी या सुरक्षाकर्मी इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



