Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चाईबासा पुलिस ने CEIR पोर्टल से ट्रेस कर 33 गुम मोबाइल को किया बरामद, असली धारकों को लौटाए

चाईबासा। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चाईबासा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत कुल 33 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। तकनीकी अनुसंधान और CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया।इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी ने किया।

बरामद 33 मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए

बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन मंगलवार को उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। मोबाइल धारकों ने चाईबासा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।मोबाइल वितरण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैय्यद मुस्तफा हासमी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टुटी और डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी मौजूद रहीं।

CEIR पोर्टल और तकनीकी अनुसंधान से मोबाइल किए गए ट्रेस

चाईबासा पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया। CEIR प्रणाली और तकनीकी अनुसंधान की सहायता से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने में सफलता मिली।पुलिस का कहना है कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस का उद्देश्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करना है।

मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत करें ये काम

चाईबासा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा Sanchar Saathi App के माध्यम से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।शिकायत दर्ज होने के बाद CEIR प्रणाली के जरिए मोबाइल को ट्रैक करने और उसकी बरामदगी की कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने लोगों को मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के प्रति भी सतर्क किया है। पुलिस के अनुसार, कुछ गिरोह दूसरे जिलों से समूह बनाकर बाजार, हाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचते हैं। मौका मिलते ही वे मोबाइल चोरी कर उन्हें दूसरे राज्यों में बेच देते हैं।लोगों से अपील की गई है कि बाजार, हाट और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button