Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: प्रेमी के पास जाने की जिद में युवती चाकू लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी, पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू

रक्सौल: बिहार के रक्सौल में प्रेमी के पास जाने की जिद को लेकर एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने का मामला सामने आया है। युवती हाथ में एक बड़ा धारदार चाकू लिए टावर पर खड़ी नजर आई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।मामला रक्सौल के हरैया थाना क्षेत्र स्थित एयरपोर्ट रोड का बताया जा रहा है। पुलिस और स्थानीय समाजसेवी माइक के जरिए युवती को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए लगातार समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रेमी के पास जाने की जिद में टावर पर चढ़ी युवती

जानकारी के अनुसार, परेउआ वार्ड नंबर एक निवासी युवती अपने प्रेमी के पास जाना चाहती है। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी।परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद उसे वापस घर लाया था। इसके बाद भी युवती प्रेमी के पास जाने की जिद पर अड़ी रही। बताया जा रहा है कि परिजनों पर दबाव बनाने के लिए वह एयरपोर्ट रोड स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

हाथ में धारदार चाकू लिए नजर आई युवती

घटना से जुड़े वीडियो में युवती के हाथ में एक बड़ा धारदार चाकू जैसा हथियार दिखाई दे रहा है। टावर पर युवती को देखकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।सुबह कुछ लोग अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे, तभी उनकी नजर टावर पर खड़ी युवती पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी।

पुलिस और स्थानीय लोग कर रहे समझाने का प्रयास

घटना की सूचना मिलने पर हरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।स्थानीय समाजसेवी भी माइक के माध्यम से युवती को समझा रहे हैं और उससे सुरक्षित नीचे आने की अपील कर रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक युवती टावर पर ही खड़ी थी और पुलिस व स्थानीय लोगों की अपीलों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी।

रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी लोगों की नजर

युवती के टावर पर चढ़ने के बाद पुलिस के सामने उसे बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतारने की चुनौती है। मौके पर मौजूद लोग भी लगातार रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोगों की प्राथमिकता युवती को शांत कर सुरक्षित तरीके से टावर से नीचे उतारना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button