Jharkhand: बोकारो के चास में तीन चोरी की वारदातों का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

बोकारो/चास। बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घर और दुकान की खिड़की तोड़कर ज्वेलरी, नकद और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया है।
22 जुलाई, 14 और 15 अगस्त को हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार, चास थाना क्षेत्र में 22 जुलाई, 14 अगस्त और 15 अगस्त की रात अज्ञात अपराधियों ने खिड़की तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। तीनों मामलों में चास थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थी।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा,राहुल कुमार बाउरी,रवि कुमार पाण्डेय,प्रिंस कुमार उर्फ कृष,अमन राज उर्फ मनीष कुमार और कृष्णा कुमार पॉल के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी से संबंधित कई सामान बरामद किए हैं। इनमें 7 मोबाइल फोन,सोने जैसा धातु के 7 पीस कंगन,3.50 ग्राम गला हुआ सोने जैसा धातु,लोहे का चापड़,छोटा तौलने वाला मशीन,पांच रुपये के 12 नोट, कुल 60 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
आरोपी गौतम बाउरी पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गौतम बाउरी के खिलाफ चास थाना में पहले से चोरी और सेंधमारी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और पूर्व की चोरी की घटनाओं में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस बल की कमी भी बनी चुनौती
चास के एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि 14 और 15 अगस्त की रात दुकान और घर में हुई चोरी से संबंधित सामान बरामद किया गया है। उन्होंने यह भी माना कि पुलिस बल की कमी के कारण इस तरह की घटनाओं से निपटने में चुनौती आ रही है। श्रावण ड्यूटी में पुलिस बल लगाए जाने के कारण चास क्षेत्र में उपलब्ध पुलिस बल प्रभावित हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर लगाम की उम्मीद
लगातार हुई तीन चोरी की घटनाओं के बाद छह आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों का पता लगाने में जुटी है।



