Bihar INFACTNews

Bihar: बिहार में अब डिजिटल होगी स्कूलों की मॉनिटरिंग, शिक्षक क्या और कैसे पढ़ा रहे इसकी होगी निगरानी

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के पढ़ाने के तरीके और कक्षा में कराई जा रही पढ़ाई की अब डिजिटल माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी। शिक्षा विभाग इसको लेकर एक विशेष डैशबोर्ड और आईटी सिस्टम तैयार कर रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था नवंबर 2026 से शुरू होने की बात कही गई है।

डैशबोर्ड पर मिलेगी पढ़ाई की पूरी रिपोर्ट

नई व्यवस्था के तहत मॉनिटरिंग के दौरान यह जानकारी दर्ज की जाएगी कि शिक्षक कक्षा में क्या पढ़ा रहे हैं और किस तरीके से पढ़ा रहे हैं। संबंधित रिपोर्ट शिक्षा विभाग के विशेष डैशबोर्ड पर अपलोड की जाएगी।इस रिपोर्ट की नियमित समीक्षा शिक्षा मंत्री और विभागीय अधिकारियों के स्तर पर की जाएगी।

अतिरिक्त शिक्षकों को दी जाएगी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी

शिक्षा विभाग के आकलन के अनुसार, शिक्षकों की तबादला प्रक्रिया पूरी होने और नई नियुक्तियों के बाद विभाग के पास अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध होंगे। इन शिक्षकों का चयन कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और इसके बाद स्कूलों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त शिक्षक अपने जिले से बाहर के स्कूलों में जाएंगे। एक शिक्षक को एक दिन में तीन स्कूलों का निरीक्षण करना होगा।

स्कूल में पहुंचकर देखेंगे पढ़ाई का तरीका

मॉनिटरिंग करने वाले शिक्षक स्कूल पहुंचकर कक्षा में पढ़ाई की स्थिति का जायजा लेंगे। वे यह देखेंगे कि शिक्षक किस विषय को किस तरीके से पढ़ा रहे हैं और विद्यार्थी पढ़ाई में किस तरह भाग ले रहे हैं।इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि कक्षा में बच्चे सवाल कर रहे हैं या नहीं और शिक्षण प्रक्रिया कितनी प्रभावी है।

रिपोर्ट की दोबारा होगी जांच

शिक्षा विभाग इस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए काउंटर चेक की व्यवस्था भी करेगा। किसी स्कूल में पहली बार गए शिक्षक की रिपोर्ट की जांच के लिए बाद में दूसरे शिक्षक को उसी स्कूल में भेजा जाएगा।दोनों रिपोर्ट का मिलान किया जाएगा। इससे मॉनिटरिंग रिपोर्ट की विश्वसनीयता जांचने में मदद मिलेगी।

स्कूल को पहले से नहीं दी जाएगी सूचना

मॉनिटरिंग व्यवस्था की एक अहम बात यह होगी कि जिस शिक्षक को किसी स्कूल का निरीक्षण करना है, उस स्कूल को पहले से इसकी जानकारी नहीं दी जाएगी। इसका उद्देश्य स्कूलों में वास्तविक शिक्षण व्यवस्था का आकलन करना है।

नवंबर में तैयार होगा आईटी सिस्टम

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अनुसार, पूरी मॉनिटरिंग व्यवस्था एक विशेष आईटी तंत्र के माध्यम से संचालित होगी। विभाग का लक्ष्य है कि यह आईटी सिस्टम नवंबर 2026 तक तैयार हो जाए। इसके बाद डिजिटल मॉनिटरिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button