Bihar INFACTNews

Bihar: सम्राट चौधरी ने आगे बढ़ाई नीतीश कुमार की परंपरा, महादलित टोला में बुजुर्ग ने फहराया तिरंगा

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शुरू की गई परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महादलित टोला में ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शनिवार को मुख्यमंत्री पटना जिले के धनरुआ प्रखंड स्थित नदवां गांव पहुंचे, जहां महादलित टोला में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत की।मुख्यमंत्री की मौजूदगी में टोला के सबसे बुजुर्ग नागरिक जुगेश्वर मांझी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित किया और नदवां गांव के विकास के लिए कई योजनाओं की घोषणा की।

पहली बार गांधी मैदान में सीएम के तौर पर किया ध्वजारोहण

15 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने पहली बार पटना के गांधी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। गांधी मैदान में कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद वह धनरुआ के नदवां गांव पहुंचे।यहां परंपरा के अनुसार महादलित टोला के सबसे वयोवृद्ध नागरिक से ध्वजारोहण कराया गया।

नदवां गांव को मिली कई विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नदवां में कई विकास परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नदवां हाई स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा।इसके अलावा गांव में आंगनवाड़ी केंद्र का निर्माण,सामुदायिक भवन का निर्माण,स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थापना,पंचायत सरकार भवन का निर्माण,कन्या विवाह मंडप का निर्माण,उच्च विद्यालय के खेल मैदान का जीर्णोद्धार जैसी योजनाओं को मंजूरी दी गई।

वंचित वर्ग को सम्मान देने की पहल

महादलित टोला में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बुजुर्ग नागरिक से ध्वजारोहण कराने की परंपरा का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग को सम्मान और समानता का संदेश देना है।हर वर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री किसी महादलित टोला में पहुंचकर वहां के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति से तिरंगा फहरवाते हैं। इस पहल के जरिए वंचित समुदाय को सामाजिक मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी का संदेश दिया जाता है।

2011 में नीतीश कुमार ने शुरू की थी परंपरा

महादलित टोला में ध्वजारोहण की यह पहल तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुरू की थी। वर्ष 2011 में 15 अगस्त के अवसर पर नीतीश कुमार महादलित टोला पहुंचे थे और वहां के बुजुर्ग नागरिक से राष्ट्रीय ध्वज फहरवाया था।इसके बाद उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर भी इस परंपरा को जारी रखा। लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार विभिन्न वंचित और पिछड़े समुदायों के बीच जाकर सहभागिता और सम्मान का संदेश देते रहे।अब मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद सम्राट चौधरी ने भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button