सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शुक्रवार तड़के पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। अखंडनगर क्षेत्र के सहजनपुर अंडरपास के पास हुई कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो तस्कर गोली लगने से घायल हो गए।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.8 किलोग्राम अवैध मॉर्फिन, तमंचे, कारतूस और दो कारें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मॉर्फिन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सुबह 4:30 बजे मिली थी तस्करी की सूचना
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 14 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला गिरोह किसी स्थान पर माल की डिलीवरी के लिए जा रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अखंडनगर क्षेत्र में सहजनपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही तस्करों ने की फायरिंग
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक बलेनो और एक वरना कार आती दिखाई दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो उनमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान गोली लगने से दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी घायल, तीन अन्य भी गिरफ्तार
घायल आरोपियों की पहचान बलरामपुर के जैतपुर निवासी खुर्शीद आलम और सुल्तानपुर के बल्दीराय निवासी प्रशांत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचे, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस ने उनके तीन अन्य साथियों रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू को भी गिरफ्तार किया है।
दोनों कारों से मिली 1 किलो 800 ग्राम मॉर्फिन
पुलिस ने दोनों कारों की तलाशी ली तो कुल 1 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में इसकी पहचान मॉर्फिन के रूप में हुई।पुलिस के मुताबिक, बरामद मॉर्फिन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ रुपये है।
ओडिशा से यूपी के कई जिलों तक पहुंचाते थे मॉर्फिन
सीओ कादीपुर विनय कुमार के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपियों के मुताबिक, वे मॉर्फिन ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में विभिन्न रास्तों के जरिए सप्लाई करते थे।पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
घायल आरोपियों का अस्पताल में इलाज जारी
मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और मादक पदार्थ की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जानी थी।
