Jharkhand: टाटा मोटर्स जमशेदपुर में 14% बोनस पर समझौता, कर्मचारियों को मिलेंगे अधिकतम 85,176 रुपये

जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर सोमवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता हो गया। लंबी वार्ता के बाद कर्मचारियों को 14 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी। समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 85,176 रुपये और औसतन 52,637 रुपये बोनस मिलेगा। इसके अलावा प्रत्येक कर्मचारी को 1,150 रुपये का टोकन गिफ्ट भी दिया जाएगा।

151 फुल टर्म अप्रेंटिस की होगी नई बहाली

बोनस समझौते के साथ रोजगार के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। प्रबंधन ने प्लांट में 151 फुल टर्म अप्रेंटिस (एफटीए) की नई बहाली पर सहमति जताई है। इससे नए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।समझौते पर प्लांट हेड अनुराग छारिया, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह सहित प्रबंधन एवं यूनियन के अन्य प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए।

बोनस समझौते के बाद कंपनी गेट पर जश्न

बोनस समझौते की घोषणा के बाद कंपनी गेट पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों और यूनियन समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर कर्मचारियों ने नृत्य कर खुशी जाहिर की।

पिछले साल मिला था 12.3 प्रतिशत बोनस

पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में टाटा मोटर्स के कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस दिया गया था। उस समय अधिकतम बोनस राशि 75,223 रुपये और औसत बोनस 50,160 रुपये थी। इसके अतिरिक्त करीब 1,200 बाइसिक्स कर्मियों को 8.33 प्रतिशत बोनस और 225 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 15,085 रुपये की सहायता राशि दी गई थी।इस वर्ष बोनस की दर 12.3 प्रतिशत से बढ़कर 14 प्रतिशत हो गई है। समझौते के अनुसार अधिकतम और औसत बोनस राशि में भी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही 151 एफटीए की बहाली पर सहमति से रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Exit mobile version