Jharkhand: मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने छात्र प्रतिनिधिमंडल पर दिए बयान पर दी सफाई, कहा- ‘मेरी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया’

रांची। झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने छात्र प्रतिनिधिमंडल को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह नहीं कहा था कि सरकार से वार्ता के लिए गए प्रतिनिधिमंडल में कोई छात्र नहीं था, बल्कि उनकी आपत्ति इस बात को लेकर थी कि प्रतिनिधिमंडल में एक भी अनशनकारी छात्र को शामिल नहीं किया गया था।

जेपीएससी -जेएसएससी रिफॉर्म मंच के बयान पर मंत्री ने दी प्रतिक्रिया

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जेपीएससी -जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से उनके बयान के संदर्भ में बात कही गई है। उन्होंने कहा कि छात्र नेता रवींद्र पासवान उनके बयान को सही तरीके से समझ नहीं पाए हैं और सोशल मीडिया पर भी उनके बयान को अलग तरीके से पेश किया जा रहा है।मंत्री के मुताबिक, उन्होंने 12 तारीख को सदर अस्पताल में घायल अनशनकारियों से मुलाकात की थी। इसी दौरान हुई बातचीत के बाद उन्होंने मीडिया के सामने प्रतिनिधिमंडल को लेकर अपनी बात रखी थी।

‘प्रतिनिधिमंडल में एक भी अनशनकारी छात्र शामिल नहीं था’

मंत्री ने दोहराया कि उनका मूल बयान स्पष्ट था। उनके अनुसार, जिन छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधिमंडल सरकार के प्रतिनिधियों से मिलने गया था, उसमें एक भी अनशनकारी छात्र शामिल नहीं था।उन्होंने कहा कि अगर अनशन पर बैठे छात्र भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होते तो सरकार को उनसे सीधे बातचीत करने और उनका अनशन खत्म कराने का अवसर मिलता। इससे अनशनकारियों के स्वास्थ्य में भी सुधार हो सकता था।

‘मैंने यह नहीं कहा कि प्रतिनिधिमंडल में कोई छात्र नहीं था’

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि उनके बयान को इस तरह प्रस्तुत किया गया, जैसे उन्होंने कहा हो कि प्रतिनिधिमंडल में कोई छात्र ही नहीं था। उन्होंने इस दावे का खंडन किया।उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बात केवल अनशनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं होने को लेकर थी।

छात्र नेता रवींद्र पासवान ने किया पलटवार

मंत्री के बयान पर छात्र नेता रवींद्र पासवान ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मंत्री को कैसे पता चला कि प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोग छात्र नहीं हैं।रवींद्र पासवान ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी छात्र अपने एडमिट कार्ड दिखा सकते हैं। उनके मुताबिक, सभी छात्र जेपीएससी -जेएसएससी की परीक्षाएं लिखते हैं और बिना जांच किए या पूरी जानकारी के इस तरह का बयान देना उचित नहीं है।

‘भाजपा भ्रम में है कि उसने आंदोलन को हाईजैक कर लिया’

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को भले ही यह भ्रम हो कि उसने छात्र आंदोलन को हाईजैक कर लिया है, लेकिन यह केवल उसका भ्रम है।उन्होंने कहा कि छात्र आज भी सतर्क हैं। कुछ लोगों को राजनीतिक रूप से भ्रमित करने का प्रयास निश्चित रूप से किया जा रहा है, लेकिन सरकार छात्रों की मांगों को लेकर लगातार संपर्क में है और प्रयास है कि जो छात्र लगातार अनशन पर बैठे हैं, उनका अनशन समाप्त कराया जाए।

‘सरकार से बनी सहमति पर काम करने के लिए छात्र समय दें’

मंत्री ने कहा कि जिन मुद्दों पर सरकार और छात्रों के बीच सहमति बन चुकी है, उन पर काम करने के लिए छात्रों को सरकार को समय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि अनशन पर बैठे छात्रों का स्वास्थ्य बेहतर हो और बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाए।

Exit mobile version