Entertainment: ‘मातृभूमि’ से पहले इस फिल्म में दिखेंगे सलमान खान, 21 अगस्त को भारत में रिलीज होगी ‘7 डॉग्स’

मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के फैंस उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, इससे पहले सलमान खान बड़े पर्दे पर एक इंटरनेशनल फिल्म ‘7 डॉग्स’ में नजर आने वाले हैं। अरेबिक फिल्म ‘7 डॉग्स’ भारत में 21 अगस्त 2026 को रिलीज होने के लिए तैयार है।सलमान खान ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की भारत रिलीज की जानकारी शेयर की है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का नया टीजर भी साझा किया, जिसमें सलमान खान और संजय दत्त का दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है।

‘7 डॉग्स’ में सलमान-संजय का कैमियो

आदिल अल अरबी और बिलाल फल्लाह के निर्देशन में बनी ‘7 डॉग्स’ में अहमद एज, करीम अब्देल अजीज और मोनिका बेलुची प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म में सलमान खान और संजय दत्त कैमियो रोल में नजर आएंगे।फिल्म इस साल मई में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज हो चुकी है। रिलीज के दौरान सोशल मीडिया पर एक एक्शन सीन का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें सलमान खान और संजय दत्त नजर आए थे। अब भारतीय दर्शकों को फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने का इंतजार है।

21 अगस्त को भारत में रिलीज होगी फिल्म

‘7 डॉग्स’ भारतीय सिनेमाघरों में 21 अगस्त 2026 को दस्तक देगी। फिल्म में सलमान खान और संजय दत्त की मौजूदगी को लेकर उनके फैंस में खासा उत्साह है।सलमान के फैंस के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ से पहले उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा।

‘SVC63’ में नयनतारा के साथ नजर आएंगे सलमान

सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म SVC63 की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। फिल्म में उनके साथ नयनतारा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसका निर्देशन वामशी पैदिपल्ली कर रहे हैं।फिल्म को अगले साल ईद के मौके पर रिलीज किए जाने की तैयारी है। फिल्म के गानों को लेकर भी दर्शकों के बीच पहले से चर्चा बनी हुई है।

संजय दत्त के पास भी कई बड़े प्रोजेक्ट

संजय दत्त के वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘7 डॉग्स’ के अलावा उनके पास ‘बाप’ और ‘खलनायक रिटर्न्स’ जैसी फिल्में हैं।संजय दत्त हाल के वर्षों में बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहे हैं। ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ में उन्होंने एसपी चौधरी असलम खान का किरदार निभाया है, जिसे दर्शकों के बीच काफी चर्चा मिली।

Exit mobile version