Bihar: जापान से बिहार पहुंचीं काना मियामुरा, पूरी श्रद्धा से रखा छठ व्रत; बनाया ठेकुआ और गाए छठी मइया के गीत

नवादा: लोकआस्था का महापर्व छठ अब देश की सीमाओं को पार कर दुनिया भर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। बिहार की मिट्टी और संस्कृति से प्रभावित होकर जापान की एक महिला छठ मनाने भारत पहुंचीं। नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के पिरौटा गांव में विदेशी मेहमान काना मियामुरा ने न केवल छठ पर्व की महिमा को करीब से जाना, बल्कि पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इस महापर्व में हिस्सा लेकर ग्रामीणों का दिल भी जीत लिया।काना मियामुरा ने छठ की परंपराओं को निभाते हुए ठेकुआ का प्रसाद बनाया। इसके साथ ही उन्होंने छठी मइया के पारंपरिक लोकगीत गाने का भी प्रयास किया। जब उन्होंने विदेशी लहजे में अपनी टूटी-फूटी भाषा में छठ गीत गाए, तो वहां मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए।

बिहार की सादगी और प्रकृति प्रेम ने किया प्रभावित

काना मियामुरा का कहना है कि जापान की आधुनिक और यंत्रवत जिंदगी से अलग बिहार की मिट्टी में उन्हें अपनापन, सादगी और प्रकृति के प्रति अटूट प्रेम देखने को मिला। यहां की संस्कृति और परंपराओं ने उन्हें काफी प्रभावित किया है।10 नवंबर को पिरौटा गांव पहुंचीं काना मियामुरा का ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। गांव के लोगों ने उन्हें छठ पर्व की अलग-अलग विधियों और परंपराओं की जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि काना का छठ में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि बिहार की लोक संस्कृति केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों को आकर्षित कर रही है।

दूसरी बार भारत आईं काना मियामुरा, छठ के लिए छोड़ा लहसुन-प्याज

पिरौटा गांव निवासी एडवोकेट रंजन कुमार ने बताया कि उनकी मुलाकात काना मियामुरा से वर्ष 2025 में तमिलनाडु में हुई थी। उस समय वह जापान से मंदिरों के दर्शन के लिए भारत आई थीं। बातचीत के दौरान उन्होंने काना को बिहार के मंदिरों, संस्कृति और छठ पूजा की महिमा के बारे में बताया था।रंजन कुमार के अनुसार, छठ पर्व के बारे में जानकर काना काफी प्रभावित हुईं और उन्होंने अगली बार भारत आने पर छठ पूजा करने की इच्छा जताई थी। अपना वादा निभाते हुए वह दशहरा के बाद ही जापान से बिहार पहुंच गईं। रंजन कुमार ने बताया कि छठ की परंपराओं को अपनाने के लिए काना तब से लहसुन-प्याज तक नहीं खा रही हैं।जापान से बिहार पहुंचकर छठ पर्व में शामिल हुईं काना मियामुरा की यह पहल लोकआस्था, संस्कृति और परंपराओं की वैश्विक पहुंच की एक खास मिसाल बन गई है।

Exit mobile version