Jharkhand: एसएसपी ने आजादनगर थाना का किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शुक्रवार को आजादनगर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों और विभिन्न मामलों की अनुसंधान प्रक्रिया की समीक्षा की। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसएसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपराधिक मामलों की जांच में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।

अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने आदतन अपराधियों, सक्रिय आपराधिक गिरोहों तथा अवैध हथियार और नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा। उन्होंने ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बीट पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर

एसएसपी ने क्षेत्र में बीट पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पूर्व में जारी आदेशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और अपराध नियंत्रण के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

Exit mobile version