Jharkhand: बाबा वैद्यनाथ सेवा संघ ने छठव्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री और फल, हजारों श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ

जमशेदपुर: लोकआस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बाबा वैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से खरना के दिन छठव्रतियों के बीच नि:शुल्क पूजन सामग्री और फलों का वितरण किया गया। संघ की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका हजारों श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।इस दौरान छठव्रतियों को सूप, नारियल, डाभ नींबू, संतरा, सेब, शकरकंद और गन्ना सहित पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री दी गई। पूजन सामग्री लेने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को व्यवस्थित रखने में संघ के कार्यकर्ता सक्रिय रहे।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करना उद्देश्य : विकास सिंह

कार्यक्रम के दौरान विकास सिंह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर माताओं-बहनों की मदद करना है। इसके साथ ही ऐसे परिवारों की छठव्रतियों को भी सहयोग देना है, जिनके बच्चे नौकरी या अन्य कारणों से बाहर अथवा विदेश में रहते हैं और छठ के अवसर पर घर नहीं पहुंच पाते।उन्होंने कहा कि छठव्रतियों को अपने हाथों से पूजन सामग्री और फल भेंट करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि उन्हें हर जन्म में व्रतियों की सेवा करने का अवसर मिलता रहे।

ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के विपिन झा, पंकज मिश्रा, राम मोहन चौबे, हरेंद्र पांडेय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बाबा वैद्यनाथ सेवा संघ के इस सेवा कार्य की सराहना की।आयोजन को सफल बनाने में संघ के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया।

Exit mobile version