Jharkhand: सोनुआ में महज 500 रुपये के विवाद में महिला की पीट-पीटकर निर्मम हत्या; एक महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत हाडीमारा गांव में महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक 41 वर्षीय महिला की जान ले ली। आरोपियों ने महिला के सिर पर लाठी-डंडों से छह-सात ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल एक महिला समेत सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

12 नवंबर को मिली थी हत्या की सूचना, सिर पर वार से हुई मौत

चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाश्मी ने शुक्रवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया। एसडीपीओ ने बताया कि 12 नवंबर को सोनुआ थाना पुलिस को हाडीमारा गांव में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतका की पहचान गांव निवासी जिंगी बांकिरा (41 वर्ष), पति स्वर्गीय बोगन बांकिरा के रूप में की।प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महज 500 रुपये के मामूली विवाद में आरोपियों ने मिलकर जिंगी बांकिरा पर हमला कर दिया और सिर पर लाठी-डंडे से छह से सात बार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।

मृतका के पुत्र के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी

घटना के बाद मृतका के पुत्र प्रेम सिंह बांकिरा ने सोनुआ थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। आवेदन के आधार पर सोनुआ थाना में कांड संख्या 37/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया।

खून से सने लकड़ी के डंडे और अन्य साक्ष्य बरामद

गिरफ्तार किए गए एक महिला समेत छह आरोपियों से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सने दो लकड़ी के डंडे, खून से सने कपड़े और अन्य कई महत्वपूर्ण फॉरेंसिक साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Exit mobile version