Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: लगातार बारिश से सेंडेेल घाटी में धंसने लगी सड़क, गहरी दरारों से बड़े हादसे का खतरा

गुवा (पश्चिमी सिंहभूम)। बड़ाजामदा–मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित सेंडेेल घाटी में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क धंसने लगी है। घाटी से नीचे उतरने वाले हिस्से में कई स्थानों पर लंबी और गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है।बारिश के चलते सड़क किनारे की मिट्टी लगातार खिसक रही है, जिससे सड़क का आधार कमजोर होता जा रहा है।

सुरक्षा बैरियर के नीचे भी धंस रही जमीन

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क किनारे लगाए गए सुरक्षा बैरियर के नीचे की जमीन भी धंसने लगी है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का बड़ा हिस्सा टूटकर बह सकता है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित होने के साथ किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

प्रमुख संपर्क मार्ग पर मंडरा रहा खतरा

बड़ाजामदा–मनोहरपुर मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जो बड़ाजामदा, मनोहरपुर और आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। इस सड़क से प्रतिदिन भारी मालवाहक वाहन, बसें, एंबुलेंस और दोपहिया वाहन गुजरते हैं।ऐसे में सड़क की जर्जर होती स्थिति स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए चिंता का विषय बन गई है।

स्थानीय लोगों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या से संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि
क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए।सड़क किनारे मजबूत सुरक्षा दीवार और बैरिकेडिंग बनाई जाए।दुर्घटनाओं से बचाव के लिए चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।बारिश के मौसम में नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बारिश के इस मौसम में सेंडेेल घाटी किसी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button