Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने बांटी डिग्रियां, मेधावियों को किया सम्मानित

जमशेदपुर। पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।

मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक डिग्रियां प्रदान की गईं। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया।

राष्ट्र निर्माण में शिक्षा का करें उपयोग: राज्यपाल

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी शिक्षा और डिग्री का उपयोग राष्ट्र निर्माण के लिए करें। उन्होंने विद्यार्थियों से नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।राज्यपाल ने नई शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

रोजगार पाने के साथ रोजगार देने की भी सोच विकसित करें

राज्यपाल ने युवाओं से केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहने, बल्कि रोजगार सृजन, नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।उन्होंने निजी विश्वविद्यालयों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, नशामुक्त परिसर विकसित करने तथा शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि “शिक्षित, सक्षम और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।”

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.के. पाणी, रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button