BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: सोनुवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू परिवहन करते 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सोनुवा (पश्चिमी सिंहभूम)। सोनुवा पुलिस ने शुक्रवार सुबह अवैध बालू परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोइलकेरा–सोनुवा मार्ग पर बारी गांव के समीप आठ ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। पुलिस ने यह कार्रवाई एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से बालू ढुलाई किए जाने की सूचना पर की।

छापेमारी की भनक लगते ही कई वाहन फरार

पुलिस की छापेमारी की सूचना मिलते ही करीब एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक दूसरे रास्तों से भागने में सफल रहे। हालांकि पुलिस ने आठ ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर जब्त कर लिया।जब्त वाहनों को सोनुवा थाना लाया जा रहा था, इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कच्ची सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें लदा बालू सड़क पर बिखर गया।

खनन विभाग को दी गई सूचना

सोनुवा पुलिस ने जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर मामले की जानकारी खनन विभाग को दे दी है। अब विभागीय नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एनजीटी प्रतिबंध के बावजूद जारी है अवैध खनन

स्थानीय लोगों के अनुसार, एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद कारो नदी के गोइलकेरा और गुदड़ी क्षेत्र के कई बालू घाटों से लगातार अवैध बालू का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। यहां से निकाला गया बालू मुख्य रूप से चक्रधरपुर और कराईकेला क्षेत्र में बेचा जाता है।

पर्यावरण पर पड़ रहा असर

स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन विभाग की ओर से नियमित छापेमारी नहीं होने के कारण अवैध बालू कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। लगातार हो रहे अवैध खनन से कारो नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button