BollywoodEntertainment

Entertainment: दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल में भर्ती, सर्जरी के बाद मिलने पहुंचे सीएम शुभेंदु अधिकारी

मनोरंजन डेस्क : हिंदी और बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय समिति के वरिष्ठ सदस्य मिथुन चक्रवर्ती को हाल ही में कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उनकी एक छोटी सर्जरी हुई है, जिसके बाद एहतियातन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर जाना स्वास्थ्य हाल

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।शुभेंदु अधिकारी ने लिखा कि मिथुन चक्रवर्ती स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने डॉक्टरों से भी उनकी स्थिति की जानकारी ली और बताया कि अभिनेता की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है।

सर्जरी की जानकारी रखी गई थी गोपनीय

मीडिया से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि मिथुन चक्रवर्ती का गुरुवार रात एक छोटा ऑपरेशन हुआ था। अभिनेता इस पूरी प्रक्रिया को निजी रखना चाहते थे, इसलिए उन्होंने इसकी जानकारी केवल कुछ चुनिंदा पार्टी नेताओं को ही दी थी।अधिकारी के अनुसार, मिथुन चक्रवर्ती ने इस संबंध में केवल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और उन्हें ही पहले से सूचित किया था। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि सर्जरी सफल रही है और उनकी स्थिति स्थिर है।

डॉक्टरों ने कहा- चिंता की कोई बात नहीं

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, मिथुन चक्रवर्ती की हालत फिलहाल स्थिर है और तेजी से सुधार हो रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार जारी रहा तो उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

सिनेमा और राजनीति दोनों में निभाई अहम भूमिका

शुभेंदु अधिकारी ने मिथुन चक्रवर्ती के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे केवल एक लोकप्रिय अभिनेता ही नहीं, बल्कि भारतीय कला, संस्कृति और पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्व हैं।उन्होंने कहा कि बंगाल में राष्ट्रवादी विचारधारा के विस्तार और राजनीतिक बदलाव में मिथुन चक्रवर्ती का योगदान उल्लेखनीय रहा है।

वर्कफ्रंट: कई बड़ी फिल्मों में आएंगे नजर

फिल्मी करियर की बात करें तो मिथुन चक्रवर्ती दशकों से हिंदी और बंगाली सिनेमा में सक्रिय हैं। हाल के वर्षों में वे कई चर्चित फिल्मों में नजर आए हैं।आने वाले समय में उनके सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘बटवारा 1947’ में विशेष भूमिका निभाने की चर्चा है। इसके अलावा वे रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ में कैमियो करते दिखाई दे सकते हैं। वहीं बंगाली फिल्म ‘फिरबो आबार’ भी उनकी आगामी परियोजनाओं में शामिल बताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button