Bihar: बिहार में मंत्री, विधायक और अफसरों के बच्चे पढ़ेंगे सरकारी स्कूलों में, जाने कब लागू होगी व्यवस्था?

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगले एक से दो वर्षों में ऐसी व्यवस्था बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जिसमें मंत्री, विधायक और जिला स्तर तक के अधिकारियों के बच्चे भी सरकारी स्कूलों में पढ़ाई करें।मुख्यमंत्री का कहना है कि जब सक्षम और संपन्न परिवारों के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ेंगे, तभी यह माना जाएगा कि राज्य की सरकारी शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार हुआ है।
1 से 2 साल में व्यवस्था लागू करने का लक्ष्य
पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि फिलहाल सरकारी स्कूलों में अधिकतर गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। सरकार इन स्कूलों को आधुनिक और हाईटेक बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।उन्होंने शिक्षा विभाग को इस दिशा में आवश्यक तैयारी और कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
551 मॉडल स्कूल और लाइव क्लास की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में अब तक 551 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा सरकारी स्कूलों में लाइव क्लासेज शुरू करने की तैयारी है।सरकार का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों में ही नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें।
गुरु रविदास जयंती कार्यक्रम में किया ऐलान
सम्राट चौधरी ने यह घोषणा पटना के ज्ञान भवन में गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान की।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्जीवन हुआ है। वहीं सरकार अब भागलपुर में विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना पर भी कार्य कर रही है।
बच्चों को पढ़ाई के लिए बिहार से बाहर नहीं जाना पड़ेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी लाखों छात्र उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख करते हैं। राज्य सरकार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लगभग 18 हजार करोड़ रुपये खर्च कर छात्रों को बाहर पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दे रही है।उन्होंने बताया कि सरकार ने 211 नए डिग्री कॉलेज खोले हैं, जिससे छात्रों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सके और उन्हें पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़े।
400 से अधिक नए डिग्री कॉलेज खोलने की तैयारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मठों और मंदिरों से भी अपील की कि वे स्कूल और कॉलेज स्थापित करें। सरकार ऐसे संस्थानों को आवश्यक मान्यता देने के लिए तैयार है।उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में राज्य में 400 से अधिक नए डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे, जिससे उच्च शिक्षा का दायरा और विस्तृत होगा।



