Jharkhand: जामताड़ा एनकाउंटर मामला में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की सास ने लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

जामताड़ा: गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के एनकाउंटर मामले में नया मोड़ सामने आया है। सुजीत सिन्हा की परिजन और सास उषा देवी ने मीडिया से बातचीत में पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके दामाद की हत्या षड्यंत्र के तहत की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

“जेल से बाहर नहीं आना चाहता था, फिर भागने की कोशिश क्यों करता?”

उषा देवी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति जेल से बाहर निकलना ही नहीं चाहता था, वह पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश क्यों करेगा और पुलिस पर गोली क्यों चलाएगा? उनका दावा है कि सुजीत सिन्हा को पहले भी जेल से बाहर आने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने यह कहते हुए मना कर दिया था कि बाहर निकलने पर उसके दुश्मन उसकी हत्या कर देंगे।

तस्वीरों को लेकर भी उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि रात में जो तस्वीर उन्होंने देखी, उसमें सुजीत सिन्हा सड़क पर दिखाई दे रहा था, जबकि सुबह जारी तस्वीर में वह जंगल में नजर आया। इस आधार पर उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।

पोते अक्षत को इंसाफ दिलाने की मांग

उषा देवी ने कहा कि इंसानियत के नाते उनके पोते अक्षत को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि अक्षत लगभग 12 वर्ष का है और छठी कक्षा में पढ़ता है।

जेल प्रशासन पर भी लगाए आरोप

उषा देवी ने आरोप लगाया कि चाईबासा जेल में बंद अक्षत की मां से जेलर और जेल अधीक्षक की मिलीभगत के कारण ठीक से मुलाकात नहीं हो पा रही है। उनका यह भी दावा है कि उसे पर्याप्त भोजन और दवाइयां भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

“अक्षत आत्महत्या की धमकी दे रहा”

उन्होंने दावा किया कि अक्षत मानसिक रूप से बेहद परेशान है और बार-बार आत्महत्या करने की बात कह रहा है। उनके अनुसार, बच्चे का कहना है कि उसकी मां जेल में है और उसके पिता का एनकाउंटर कर दिया गया है, इसलिए वह अब जीना नहीं चाहता।

निष्पक्ष जांच की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल है। परिजनों ने पूरे एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version