हजारीबाग: सदर प्रखंड के केसुरा मोड़ से सरौनी तक जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है। इस संबंध में ग्रामीण विकास विभाग, हजारीबाग के कार्यपालक अभियंता से ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। वार्ता के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए जल्द मरम्मत कराने की मांग की गई।इस पहल में सिलवार के पूर्व मुखिया महेंद्र राम, कुशवाहा स्वयंसेवक संघ, हजारीबाग के कोषाध्यक्ष विकास कुशवाहा और रविंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिनिधिमंडल ने अभियंता से आग्रह किया कि सड़क की मरम्मत जल्द शुरू कराई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में हो रही कठिनाइयों से राहत मिल सके।
छठ पूजा के बाद शुरू होगा मरम्मत कार्य
वार्ता के दौरान कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि छठ पूजा के बाद केसुरा मोड़ से सरौनी तक सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान लोगों को अब इसके दुरुस्त होने की उम्मीद बंधी है।
राहगीरों और मरीजों को होती है परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। इसके कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। सड़क की मरम्मत होने से आसपास के कई गांवों के लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन पहले से सुगम हो सकेगा।पूर्व मुखिया महेंद्र राम, विकास कुशवाहा और रविंद्र सिंह ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिए गए आश्वासन के मुताबिक छठ पूजा के बाद मरम्मत कार्य शुरू होगा और इसे गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। अब ग्रामीणों को सड़क मरम्मत का काम शुरू होने का इंतजार है।
