Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: डुमरिया में 15 अगस्त से पहले 10 करोड़ की लागत से बने 30 बेड अस्पताल का उद्घाटन, विधायक संजीव सरदार ने किया निरीक्षण

डुमरिया: पोटका के विधायक संजीव सरदार ने डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड के नए अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य और अस्पताल की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।विधायक ने कहा कि मानसून सत्र समाप्त होने के बाद 15 अगस्त से पहले अस्पताल का विधिवत उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

10 पंचायतों के हजारों लोगों को मिलेगा लाभ

निरीक्षण के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि अस्पताल शुरू होने से डुमरिया प्रखंड की 10 पंचायतों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।

9.5 लाख की लागत से बिजली आपूर्ति का कार्य अंतिम चरण में

अस्पताल परिसर में बिजली व्यवस्था को लेकर विधायक ने बताया कि करीब 9.5 लाख रुपये की लागत से बिजली आपूर्ति का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार अस्पताल परिसर में बिजली आपूर्ति शुरू करने और ट्रांसफॉर्मर तक भूमिगत केबल बिछाने का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

अस्पताल को मिलेगा शव वाहन

विधायक संजीव सरदार ने अस्पताल के लिए शव वाहन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल को सभी आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

अधिकारियों ने लिया निरीक्षण में हिस्सा

निरीक्षण के दौरान बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, सीएचसी प्रभारी डॉ. पाराव माझी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मनीष बारी, मिर्ज़ा सोरेन, भगत बास्के सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button