
खेल डेस्क: क्रिकेट जगत से बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आगामी दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए ईस्ट जोन टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। वहीं भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट में भारतीय टीम में वापसी की कोशिश कर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी खेलते नजर आएंगे। ऐसे में क्रिकेट फैंस की नजरें ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और मोहम्मद शमी के प्रदर्शन पर रहेंगी।
23 अगस्त से शुरू होगा दलीप ट्रॉफी 2026-27
दलीप ट्रॉफी 2026-27 का आयोजन 23 अगस्त से शुरू होगा। टूर्नामेंट से पहले कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में चयन समिति की बैठक हुई, जिसमें छह राज्य संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।ईस्ट जोन की घोषित 15 सदस्यीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन देखने को मिला है। टीम में बंगाल और झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा नजर आ रहा है।
आईपीएल के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में भी छाए वैभव
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पिछले कुछ समय से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आईपीएल 2026 में धमाल मचाने के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वैभव का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने सीरीज में 151 रन बनाए और शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल करियर
वैभव सूर्यवंशी ने अब तक भारतीय टीम के लिए 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 6 पारियों में 32.16 की औसत से 193 रन बनाए हैं।उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में 2 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन है, जो उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बनाया था। वैभव ने ये रन 189.21 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
दलीप ट्रॉफी में वैभव पर रहेंगी नजरें
दलीप ट्रॉफी जैसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी को उप-कप्तानी मिलना उनके बढ़ते कद को दिखाता है। वहीं ईशान किशन और मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से ईस्ट जोन टीम और मजबूत नजर आ रही है।अब देखने वाली बात होगी कि टूर्नामेंट में युवा जोश और अनुभवी खिलाड़ियों का यह संयोजन कितना प्रभावी साबित होता है।



