Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: देवघर में श्रावणी मेला 2026 का मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन, ‘नो प्लास्टिक’ अभियान पर दिया जोर

देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंत्री सुदीव्य कुमार सोनो, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, देवघर विधायक सुरेश पासवान, विधायक वीरेंद्र कुंवर, विधायक चुन्ना सिंह, मेयर रवि राउत समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

देवघर के पर्यटन विकास पर दिया गया जोर

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए देवघर के विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाएं अब तक की सबसे बेहतर हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए पर्यटन मंत्री से डिगिरिया पहाड़ के जीर्णोद्धार की मांग की।उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु आसपास के पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करते हैं। ऐसे में डिगिरिया पहाड़ का विकास होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय राजस्व में भी वृद्धि होगी।

‘नो प्लास्टिक’ अभियान को सफल बनाने की अपील

मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि देवघर आने पर उन्हें हमेशा आध्यात्मिक और सकारात्मक अनुभूति होती है। उन्होंने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से ‘नो प्लास्टिक’ अभियान को सफल बनाने की अपील की।उन्होंने कहा कि यदि प्लास्टिक के बजाय पत्तों और लकड़ी से बने पर्यावरण-अनुकूल सामान का उपयोग किया जाए तो मेले के बाद सफाई व्यवस्था बेहतर रहेगी और शहर को स्वच्छ बनाए रखना आसान होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी “नो प्लास्टिक” अभियान को बढ़ावा दे रहे हैं।

इस बार बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की संख्या

मंत्री सुदीव्य कुमार सोनो ने कहा कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में 2 से 3 लाख अधिक श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था करने का माध्यम हैं, लेकिन करोड़ों शिवभक्तों की यात्रा भगवान बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से ही सफल होती है।उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष का श्रावणी मेला श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button