Delhi INFACTNews

Delhi : संसद के मकर द्वार पर झारखंड भर्ती घोटालों पर भाजपा सांसदों का प्रदर्शन, जेपीएससी -जेएसएससी ,सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती की सीबीआई जांच की मांग

झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर झारखंड भाजपा के सभी सांसदों ने नई दिल्ली स्थित मकर द्वार के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के मुद्दों पर मुखर रहती है, लेकिन झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर मौन साधे हुए है।उन्होंने कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान 19 अभ्यर्थियों की मौत हुई, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में कोई ठोस आवाज नहीं उठाई। भाजपा ने मांग की कि राज्य सरकार मृतक अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे।

सीबीआई जांच की मांग दोहराई

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड में पिछले छह वर्षों के दौरान हुई भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों को राज्य सरकार सीआईडी जांच के जरिए दबाने की कोशिश कर रही है।उन्होंने कहा कि इन मामलों की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

कांग्रेस नेतृत्व से झारखंड आने की अपील

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी से झारखंड आकर राज्य के युवाओं के सवालों का जवाब देने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर गंभीर है, तो उसे झारखंड सरकार से समर्थन वापस लेने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करनी चाहिए।

प्रदर्शन में लगे नारे

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न नारे लगाए। इनमें प्रमुख रूप से “हेमंत सोरेन इस्तीफा दो”,”युवाओं के भविष्य का सौदा बंद करो”,”युवाओं का भविष्य सुरक्षित करो”,”झारखंड भर्ती परीक्षा गड़बड़ी पर राहुल गांधी चुप्पी तोड़ो” ,”कांग्रेस दोहरी राजनीति बंद करे” जैसे नारे शामिल है।

ये नेता रहे मौजूद

प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button