BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: बोकारो एयरपोर्ट से जल्द शुरू हो सकती है उड़ान सेवा, रांची एयरपोर्ट डायरेक्टर ने किया निरीक्षण

बोकारो हवाई अड्डे से नियमित उड़ान सेवा शुरू करने की दिशा में एक बार फिर प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में रांची एयरपोर्ट के निदेशक एस.पी. सिन्हा ने मंगलवार को बोकारो एयरपोर्ट का भौतिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, सेल के अधिकारी और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

रनवे और टर्मिनल भवन का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट परिसर में बने टर्मिनल भवन, रनवे और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने उपलब्ध संसाधनों के वार्षिक रखरखाव को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

90 प्रतिशत कार्य पूरा, लाइसेंस प्रक्रिया जारी

रांची एयरपोर्ट के निदेशक एस.पी. सिन्हा ने बताया कि बोकारो एयरपोर्ट का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अब एयरपोर्ट के संचालन के लिए आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है।उन्होंने कहा कि इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से लगातार संपर्क बना हुआ है। उन्होंने स्वीकार किया कि परियोजना में कुछ विलंब हुआ है, लेकिन राज्य सरकार इसे प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में बोकारो और दुमका एयरपोर्ट

एस.पी. सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री के एजेंडे में बोकारो और दुमका एयरपोर्ट प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं। ऐसे में उम्मीद है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही बोकारो से उड़ान सेवा शुरू हो जाएगी।

राज्य सरकार का काम लगभग पूरा: डीसी

बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि राज्य सरकार के स्तर पर किए जाने वाले अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। जो कार्य शेष हैं, उन्हें सेल और जिला प्रशासन मिलकर पूरा कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट संबंधित मंत्रालय को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर केंद्र सरकार से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

राज्यसभा में भी उठा था बोकारो एयरपोर्ट का मुद्दा

गौरतलब है कि हाल ही में राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने संसद में झारखंड के हवाई अड्डों को लेकर सवाल उठाया था। जवाब में बताया गया था कि बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू करने की अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में ताजा निरीक्षण को उड़ान सेवा शुरू होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button