MP INFACTNews

Madhya Pradesh: 17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे बालाघाट रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण, अमृत भारत योजना के तहत हुआ कायाकल्प

बालाघाट। मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बालाघाट रेलवे स्टेशन का लोकार्पण 17 जुलाई को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और स्थानीय रेल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

हरियाणा से होगा तीन रेलवे स्टेशनों का एक साथ उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान वह वर्चुअल माध्यम से मध्य प्रदेश के बालाघाट, नैनपुर और छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशनों का भी लोकार्पण करेंगे। तीनों स्टेशनों पर उद्घाटन समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

करोड़ों रुपये की लागत से बदली स्टेशन की तस्वीर

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बालाघाट रेलवे स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन पर मुख्य भवन का सौंदर्यीकरण, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, नए प्लेटफॉर्म और यात्रियों के लिए बेहतर जनसुविधाओं का विकास किया गया है।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

जबलपुर-बालाघाट-गोंदिया रेलखंड के ब्रॉडगेज में परिवर्तित होने के बाद क्षेत्र में आधुनिक रेलवे सुविधाओं की मांग लगातार उठ रही थी। अब स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा अनुभव मिलेगा। हाल ही में मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा भी की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button