Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बहरागोड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.095 किलोग्राम पन्ना के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बहुमूल्य रत्नों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास छापेमारी कर 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना बरामद किया है। बरामद पन्ना की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी

वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास पन्ना की तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (घाटशिला) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दो दोपहिया वाहनों के साथ खड़े तीन संदिग्धों को घेर लिया। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

स्कूटी की डिक्की से मिला 1.095 किलोग्राम पन्ना

तलाशी के दौरान आरोपी विनय पातर की स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में रखा 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से दो दोपहिया वाहन, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,300 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

तीनों आरोपी पूर्वी सिंहभूम के निवासी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर,सिद्धेश्वर कालिन्दी और स्नेहाशिष मंगराज के रूप में हुई है। तीनों पूर्वी सिंहभूम जिले के निवासी हैं।

मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विनय पातर के खिलाफ पहले भी गुड़ाबांदा थाना में खनिज तस्करी और चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं।

कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज

इस मामले में बहरागोड़ा थाना में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय वन अधिनियम, पुरावशेष एवं बहुमूल्य कलाकृति अधिनियम तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पन्ना के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पन्ना कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button