Jharkhand: बोकारो में दिनदहाड़े ₹3.5 लाख की चोरी, बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे एलआईसी एजेंट की बाइक की डिक्की से उड़ाया कैश

बोकारो। बोकारो के चास थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े 3.50 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग एलआईसी एजेंट की बाइक की डिक्की से बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना जोधाडीह मोड़ चौक की बताई जा रही है।

बेटी की शादी के लिए लिया था कर्ज, लौटाने जा रहे थे रकम

जानकारी के अनुसार, खम्हार बेंदी गांव निवासी दिनेश चंद्र झा, जो एलआईसी एजेंट हैं, अपनी बेटी की शादी के लिए लिया गया कर्ज चुकाने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया, गुरुद्वारा शाखा से 3.50 लाख रुपये निकालकर बाइक की डिक्की में रखकर घर लौट रहे थे।

जाम का फायदा उठाकर बदमाश ले उड़े कैश

पीड़ित जब जोधाडीह मोड़ चौक पर जाम में फंसे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उनकी बाइक की डिक्की से रुपयों से भरा थैला निकालकर एक बाइक सवार आईटीआई मोड़ की ओर भाग गया है।दिनेश चंद्र झा ने बदमाश का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चास थाना प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बैंक पहुंचकर भी मामले की जानकारी जुटाई।थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित यह स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं कि चोरी की घटना ठीक किस स्थान पर हुई। ऐसे में पुलिस बैंक से लेकर घटनास्थल तक के मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Exit mobile version