Bihar: मुजफ्फरपुर में इओयू की बड़ी छापेमारी, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के फ्लैट से लगभग 50 लाख कैश बरामद

मुजफ्फरपुर: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने योजना एवं विकास विभाग, मुंगेर में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह इओयू की अलग-अलग टीमों ने बिहार के चार जिलों में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F में भी इओयू की टीम तलाशी ले रही है। तलाशी के दौरान फ्लैट से 50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, गहने और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी मिलने की बात सामने आई है।

फ्लैट से लगभग 50 लाख रुपये कैश बरामद

इओयू की टीम ने नारद कुमार दास के फ्लैट की तलाशी के दौरान लगभग 50 लाख रुपये नकद बरामद किए। बरामद राशि की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई है। टीम बैंक खातों, निवेश, जमीन और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।छापेमारी के दौरान स्थानीय काजी मोहम्मदपुर थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। सुबह इओयू की टीम के अपार्टमेंट पहुंचते ही परिसर में हलचल बढ़ गई और आसपास के लोगों में भी कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

83.53 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

इओयू के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ उनकी आय के वैध स्रोतों से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का प्राथमिक साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है।इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

पटना की विशेष निगरानी अदालत से वारंट के बाद कार्रवाई

विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद 8 अक्टूबर को इओयू ने नारद कुमार दास से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।इओयू की अलग-अलग टीमें डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई कर रही हैं। टीमों द्वारा नकदी, बैंक खाते, निवेश, जमीन के दस्तावेज और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

मुजफ्फरपुर में पहले भी पदस्थापित रहे हैं नारद कुमार दास

बताया जा रहा है कि कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास पूर्व में मुजफ्फरपुर में भी पदस्थापित रह चुके हैं। इसी दौरान उन्होंने नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट में यह फ्लैट खरीदा था।फिलहाल इओयू की तलाशी और जांच जारी है। सभी पांच ठिकानों पर कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद नकदी, दस्तावेज, आभूषण और अन्य संपत्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Exit mobile version