पटना: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इसी क्रम में जदयू विधायक अनंत सिंह ने बुधवार को जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो किया। अनंत सिंह ने स्नातक मतदाताओं से अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
फतुहा के महारानी चौक से शुरू हुआ रोड शो
अनंत सिंह का रोड शो फतुहा के महारानी चौक से शुरू हुआ। इसके बाद काफिला रायपुरा मोड़, खुसरूपुर के बैकठपुर, मोसीमपुर, रुकनपुरा और सालिमपुर होते हुए बख्तियारपुर पहुंचा। इस दौरान कई जगह समर्थकों ने उनका स्वागत किया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक रोड शो में शामिल हुए।
अनुज सिंह के समर्थन में स्नातक मतदाताओं से अपील
रोड शो के दौरान अनंत सिंह ने स्नातक मतदाताओं से जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने समर्थकों से अनुज सिंह के लिए समर्थन जुटाने का आग्रह किया।जन सुराज ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जदयू ने इस सीट से नीरज कुमार को प्रत्याशी बनाया है। अनंत सिंह जदयू विधायक होने के बावजूद अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।
सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक रहे मौजूद
रोड शो में जन सुराज के नेता और पूर्व एमएलसी वाल्मीकि सिंह, छोटू सिंह, आकाश कुमार, नीतीश कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। फतुहा से बख्तियारपुर तक चले इस रोड शो के दौरान समर्थकों ने अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया।
