बोकारो: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने हाल के दिनों में पार्टी छोड़कर दूसरे दलों में जाने वाले नेताओं को लेकर इशारों-इशारों में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने स्वार्थ की पूर्ति नहीं होने पर पार्टी छोड़कर चले जाते हैं। ऐसी बातों से आजसू पार्टी विचलित होने वाली नहीं है, क्योंकि पार्टी को शून्य से खड़ा किया गया है।हाल के दिनों में झारखंड में आजसू के कुछ नेताओं के पार्टी छोड़ने की खबरें सामने आई हैं।
बोकारो में आजसू के मिलन समारोह में जुटे युवा
दरअसल, बोकारो जिला आजसू पार्टी की ओर से बोकारो के बारी-कोऑपरेटिव में मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों को छोड़कर बड़ी संख्या में युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।मिलन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सुदेश महतो ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को लेकर अपनी बात रखी।
‘पार्टी को जिस संघर्ष से बनाया, वह ऊंचाई कोई छू नहीं सकता’
सुदेश महतो ने कहा कि जिस संघर्ष के साथ आजसू पार्टी को बनाया गया और जिस ऊंचाई तक पार्टी पहुंची है, उस ऊंचाई को कोई छू नहीं सकता। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक राजनीति में लोग विधायक और सांसद बनने के लिए आते-जाते रहते हैं और ऐसा सभी राजनीतिक दलों में होता है।उन्होंने संकेत दिया कि नेताओं के आने-जाने से पार्टी के संगठन और उसके मूल आधार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।
युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील
आजसू अध्यक्ष ने युवाओं से राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है।उन्होंने पार्टी से जुड़े युवाओं की सक्रिय भागीदारी और राजनीतिक क्षेत्र में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
भाजपा में जाने की चर्चा पर बोले- समय आने पर देंगे जवाब
आजसू छोड़कर भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं से जुड़े सवाल पर सुदेश महतो ने कहा कि जब यह बात सामने आएगी, तब उसका जवाब भी दिया जाएगा।वहीं, हाल में ईचागढ़ क्षेत्र में आजसू के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हरेलाल महतो समेत कुछ पदाधिकारियों के पार्टी छोड़ने की खबरें सामने आई थीं।
