Bihar INFACTNews

Bihar: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, 36 घंटे में पुलिस ने सुलझाया सनसनीखेज हत्याकांड

किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले में पति, पत्नी और प्रेमी के रिश्ते से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के टंगटंगी गांव निवासी रिजवान आलम की अपने घर के बेडरूम में हत्या के मामले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी डेजी परवीन और उसके कथित प्रेमी अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया है।प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला ने बताया कि 4 जुलाई को हुई इस हत्या की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

चोरी की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को किया गुमराह

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद डेजी परवीन ने दावा किया था कि रात में अज्ञात बदमाश घर में घुसे, चोरी की और विरोध करने पर उसके पति की हत्या कर दी। उसने मोबाइल चोरी होने की भी कहानी बताई, ताकि पुलिस का शक दूसरी दिशा में चला जाए।हालांकि जांच के दौरान पुलिस को उसके बयान और गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद तकनीकी जांच शुरू की गई।

कॉल डिटेल्स से खुला हत्या का राज

जांच के दौरान पुलिस ने डेजी परवीन की कॉल डिटेल्स खंगाली, जिसमें सामने आया कि वह गांव के ही अनवर हुसैन के लगातार संपर्क में थी। संदेह के आधार पर अनवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

9 साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस पूछताछ में पता चला कि डेजी परवीन और अनवर हुसैन के बीच पिछले 9 वर्षों से प्रेम संबंध थे। रिजवान आलम कुवैत में काम करता था और दो-तीन साल में एक बार ही घर आता था, जिससे दोनों का संबंध जारी रहा।बताया गया कि इस बार रिजवान विदेश नहीं गया और घर पर ही रहने लगा, जिससे दोनों के मिलने में परेशानी होने लगी। इसके बाद दोनों ने मिलकर रिजवान की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।

विशेष टीम ने किया मामले का खुलासा

इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मोहम्मद मुश्ताक, बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी तिवारी, सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी, कोचाधामन थानाध्यक्ष इजहार आलम सहित जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button