Jharkhand: रामगढ़ पुलिस का ‘प्रहरी’ अभियान तेज, अपराध नियंत्रण पर जोर

रामगढ़: जिले में अपराध नियंत्रण और आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान “प्रहरी” के तहत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के चट्टी बाजार से रजरप्पा मोड़ तक पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा अड्डेबाजी, छेड़खानी, अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया।
14 मई से चल रहा है विशेष अभियान
रामगढ़ पुलिस द्वारा 14 मई से शुरू किए गए “प्रहरी” अभियान के तहत जिले में कुल 259 स्थानों को चिन्हित किया गया है। इनमें 76 स्थान पैदल गश्ती के लिए,114 स्थान अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान के लिए और 69 स्थान एंटी क्राइम चेकिंग के लिए निर्धारित किए गए हैं।पिछले करीब दो महीनों से इन सभी स्थानों पर समय और स्थान बदलकर नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और पुलिस की जमीनी मौजूदगी लगातार बनी रहे।
संवेदनशील इलाकों की पहचान के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम के लिए नियमित गश्त और स्थानीय लोगों से संवाद बेहद जरूरी है।
लोगों से सहयोग की अपील
रामगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे पैदल गश्ती, अड्डेबाजी विरोधी अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस का सहयोग करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।पुलिस का कहना है कि “प्रहरी” अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों पर नकेल कसना ही नहीं, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल भी मजबूत करना है।



