BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची के बार और पब में पुलिस की बड़ी रेड, नाबालिगों को नशा परोसने और लाइसेंस उल्लंघन का खुलासा

रांची: राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार देर रात पुलिस और जिला प्रशासन ने शहर के कई बार और पब में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अचानक हुई इस रेड से शहर के बार और पब संचालकों में हड़कंप मच गया।

नाबालिगों को नशा परोसने का आरोप

अभियान के दौरान पुलिस को कई बार और पब में नाबालिग लड़के-लड़कियां नशीले पदार्थों का सेवन करते मिले। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी बार या पब में नाबालिगों को प्रवेश देना या उन्हें शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थ उपलब्ध कराना कानून का उल्लंघन है।प्रशासन का कहना है कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कुछ प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी कर नाबालिगों को भी शराब और अन्य नशीले पदार्थ परोसे जा रहे हैं।

लाइसेंस और सुरक्षा मानकों में मिलीं कई खामियां

जांच के दौरान कई बार और पब में लाइसेंस संबंधी गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं। कई प्रतिष्ठान निर्धारित समय सीमा के बाद भी खुले पाए गए, जबकि कुछ स्थानों पर क्षमता से अधिक लोगों की भीड़ मौजूद थी।इसके अलावा कई संचालकों के पास उत्पाद विभाग के नियमों के अनुरूप वैध या नवीनीकृत दस्तावेज नहीं मिले। प्रशासन ने इन मामलों को गंभीर मानते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

शो-कॉज नोटिस और लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन बार और पब में नियमों का उल्लंघन पाया गया है, उन्हें कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया जाएगा। गंभीर मामलों में लाइसेंस रद्द करने और प्रतिष्ठानों को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

अपराध नियंत्रण के लिए आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में देर रात बार और पब के आसपास होने वाली मारपीट, हुड़दंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button