
अयोध्या: राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान और चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अयोध्या थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 8 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में कथित गबन की गतिविधियां हुईं कैद
सूत्रों के अनुसार, चढ़ावे की राशि की गिनती के दौरान कुछ कर्मचारियों की संदिग्ध गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई थीं। इसके बाद मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट में कार्रवाई की संस्तुति की गई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।
6 लोगों को हिरासत में लिया गया
जानकारी के मुताबिक, मामले में 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें नकदी गिनने वाले कर्मचारियों के अलावा कुछ अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
राम जन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें शामिल हैं
धारा 306 – चोरी से संबंधित अपराध
धारा 316(5) – पेशेगत विश्वास का आपराधिक दुरुपयोग
धारा 317(4) – चोरी के सामान की आदतन खरीद-फरोख्त
धारा 317(5) – चोरी की संपत्ति को छिपाने या ठिकाने लगाने में सहायता
धारा 61 – आपराधिक षड्यंत्र
धारा 3(5) – समान आपराधिक आशय से किया गया अपराध
एफआईआर में किन लोगों के नाम?
प्राप्त जानकारी के अनुसार एफआईआर में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव,अनुकल्प मिश्र,अविनाश शुक्ला,करुणेश पांडेय,लवकुश मिश्र,रमाशंकर मिश्र,सुभाष श्रीवास्तव और मनीष यादव शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ लोग चढ़ावे की राशि गिनने वाली टीम से जुड़े थे।
सीएम योगी ने अपनाया सख्त रुख
योगी आदित्यनाथ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
जांच जारी, और नाम सामने आने की संभावना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एफआईआर शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर दर्ज की गई है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके नाम भी मामले में जोड़े जाएंगे।
ट्रस्ट और श्रद्धालुओं के विश्वास से जुड़ा मामला
राम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान और चढ़ावे का मामला धार्मिक आस्था और विश्वास से जुड़ा हुआ है। ऐसे में जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं ताकि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



