Jharkhand: चाईबासा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद, 3 गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने सात चोरी की मोटरसाइकिल एवं स्कूटी बरामद की है। मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि-विवादित किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम को सूचना मिली थी कि 5-6 संदिग्ध अपराधी चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर छिनतई, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) किरीबुरु विनीत कुमार किड़ो के नेतृत्व में बड़ाजामदा, किरीबुरु और नोवामुंडी थाना की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
तीन स्थानों पर छापेमारी, झाड़ियों से भी बरामद हुईं बाइक
पुलिस टीम ने बड़ाजामदा के टंकोसाई स्थित दयाल कुमार नाग के घर, नोवामुंडी निवासी संदीप पिंगुवा के घर तथा बड़ाजामदा में लाल बिल्डिंग के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखी गई मोटरसाइकिलों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान विभिन्न कंपनियों की कुल सात चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गई।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने चोरी की मोटरसाइकिलों का उपयोग कर छिनतई, चोरी और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार गिरोह का संचालन दयाल कुमार नाग उर्फ मंगल और संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी उर्फ तितली कर रहे थे। दोनों पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने निम्नलिखित आरोपितों को गिरफ्तार किया है जिसमे दयाल कुमार नाग (20 वर्ष), निवासी टंकोसाई, बड़ाजामदा,संदीप पिंगुवा (25 वर्ष), निवासी नोवामुंडी,बांदी दास (19 वर्ष), निवासी भट्टीसाई, बड़ाजामदा के अलावा तीन विधि-विवादित किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है।इस मामले में बड़ाजामदा थाना कांड संख्या-20/2026 (दिनांक 20 जून 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
बरामद वाहन
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान निम्नलिखित वाहन बरामद किए जिसमे 5 हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल,1 होंडा लिवो मोटरसाइकिल और 1 होंडा एक्टिवा स्कूटी शामिल है।
इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
छापेमारी अभियान में एसडीपीओ किरीबुरु विनीत कुमार किड़ो, बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव, किरीबुरु थाना प्रभारी रोहित कुमार, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सहित बड़ाजामदा, किरीबुरु और नोवामुंडी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।



